मध्य प्रदेश से भाजपा विधायक पन्ना लाल शाक्य ने गुना में एक विवाद बयान दिया। उन्होंने नेता का उदाहरण देते हुए कहा कि श्रीलंका में आग लग गई, बांग्लादेश में तख्ता पलट हुआ है, अफगानिस्तान की हालत बहुत खराब है, वहां भी बहुत कुछ उलट-पुलट हो गया। पाकिस्तान में आतंकियों की एक फौज तैयार की जा रही है और अब लोगों ने नेपाल भी बर्बाद कर दिया। सबकी निगाहें केवल हिंदुस्थान पर बनी हुई है। अगर, इस पर हमनें गौर नहीं किया और 18 से 30 वर्ष के युवा तैयार नहीं हुए तो ऐसे कई घटनाक्रम होंगे, जिससे हमारे देश में गृहयुद्ध छिड़ सकता है।
भाजपा विधायक ने कहा कि हमारे देश में भी गृहयुद्ध छिड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ नहीं होने वाला इस भरोसे में मत रहना। भारत के विकास में, सोने के चिड़िया बनने में जितनी भी बाधाएं आने वाली हैं, उनकी चिंता करो। उन्होंने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय में 12 हजार विद्यार्थी और 1200 शिक्षक थे। 11 लोगों ने पूरा विश्वविद्यायल जला दिया, लेकिन कोई भी उसे बचाने के लिए बाहर नहीं निकला। छह महीने तक विश्वविद्यालय जलता रहा। इतनी संख्या होने के बाद एक भी व्यक्ति नहीं निकला।
अंदर सुरक्षा कौन करेगा?
अब आप कल की कल्पना करें कि अगर हमारे देश में भी ऐसा होता है तो कौन-कौन बाहर निकलेगा। होगा जरूर, जरूर होगा, ये मैं चुनौती के साथ कह रहा हूं, क्योंकि मुझे भी यह दिख रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे अंदर ताकत जरूरी है, नहीं तो नालंदा विश्वविद्यालय जल गया, सोमनाथ में भी आग लग गई, वहां भी बहुत पुजारी और भक्त थे। सब कहते रहे कि चिंता मत करो, कुछ नहीं होने वाला। इस भरोसे में मत रहना, जो व्यक्ति एक हजार साल की तपस्या के बाद भारत में आया है उसे बल देना, ताकत देना हमारा कर्तव्य है। हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं, आगे भी रहने वाली हैं। लेकिन, अंदर सुरक्षा कौन करेगा, यह भी तो जरूरी है। इस लिए मैं कहना चाहता हूं कि 18 से 30 वर्ष के लोगों के लिए सैन्य प्रशिक्षण अनिवार्य कर देना चाहिए।